चेन्नई , फरवरी 16 -- पवन टर्बाइन निर्माता वायोना एनर्जी ने सोमवार को भारतीय बाजार में अपनी पहली बड़ी डील की घोषणा की। कंपनी ने स्वतंत्र बिजली उत्पादक (आईपीपी) ऑयस्टर रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है।

समझौते के तहत वायोना एनर्जी आंध्र प्रदेश के कडप्पा में स्थापित की जाने वाली 64.8 मेगावाट क्षमता की परियोजना के लिए 18 एसजी 3.6-145 पवन टर्बाइनों की आपूर्ति करेगी। इसके साथ ही कंपनी दीर्घकालिक संचालन एवं रखरखाव (ओ एंड एम) सेवाएं भी प्रदान करेगी। हालांकि दोनों कंपनियों ने इस ऑर्डर के मूल्य का खुलासा नहीं किया है। कंपनी ने हाल ही में सीमेंस गेम्सा के पवन टर्बाइन व्यवसाय का अधिग्रहण किया है, जिसके बाद वह भारत और श्रीलंका में ऑनशोर पवन ऊर्जा समाधान के विस्तार की रणनीति के साथ बाजार में उतरी है।

वायोना एनर्जी के कार्यकारी उपाध्यक्ष प्रशांत जैन ने कहा कि कंपनी का ग्राहक ऑर्डर बुक 1 गीगावाट से अधिक है और उसका ओ एंड एम पोर्टफोलियो लगभग 7 गीगावाट का है। उन्होंने कहा कि ऑयस्टर एनर्जी से मिला यह ऑर्डर ग्राहकों के भरोसे को और मजबूत करता है।

वहीं, ऑयस्टर रिन्यूएबल एनर्जी के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ भाटिया ने कहा कि 64.8 मेगावाट की यह परियोजना आंध्र प्रदेश में उनका पहला और अब तक का सबसे बड़ा उपक्रम है। उन्होंने कहा कि वायोना एनर्जी की 3.6 मेगावाट की उन्नत मशीनें क्षेत्र की पवन परिस्थितियों के अनुकूल हैं और यह साझेदारी 'मेक इन इंडिया' दृष्टिकोण को सशक्त बनाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित