चेन्नई , जून 13 -- चेन्नई के आवडी स्थित भारतीय वायु सेना के मैकेनिकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई) में आयोजित एक भव्य परेड में 412 अग्निवीरवायु रक्षा बल में शामिल हो गये।
ऑटोमोबाइल तकनीशियन ट्रेड के अग्निवीरवायु प्रशिक्षुओं की दीक्षांत परेड वायु सेना स्टेशन के एमटीआई में आयोजित की गई। इन प्रशिक्षुओं ने अपने 18 सप्ताह के कठिन और परिवर्तनकारी ट्रेड फेज के प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
भारतीय वायु सेना के प्रशिक्षण कमान मुख्यालय के कमान तकनीकी प्रशिक्षण अधिकारी, एयर वाइस मार्शल अतुल लक्ष्मणदास गोलानी ने समीक्षा अधिकारी के रूप में इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
उन्होंने परेड में प्रशिक्षुओं के प्रदर्शित सटीकता, अनुशासन और समर्पण की सराहना की और विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया।
एक रक्षा विज्ञप्ति के अनुसार, अग्निवीरवायु प्रशिक्षु जाधव वैष्णव राजू को 'बेस्ट ऑल राउंडर' ट्रॉफी से नवाजा गया।
दीक्षांत परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के लगातार बदलते स्वरूप को रेखांकित किया और सभी अग्निवीरवायु को सतर्क, अनुकूलनशील और अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रशिक्षुओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सौंपे गये सभी कार्यों को संभालने के लिए तैयार रहने तथा नये पेशेवर कौशल सीखने के लिए अपने मस्तिष्क को खुला रखने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित