नयी दिल्ली , सितंबर 03 -- पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए तैयार कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रदूषण के चिन्हित हॉटस्पॉट पर विशेष ध्यान देने तथा प्रदूषणकारी उद्योगों के खिलाफ 'शून्य सहनशीलता' की नीति अपनाने की जरूरत पर बल दिया है।

श्री यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजनाएं तैयार की गई हैं जिनमें संबंधित पक्षों की भागीदारी और लोगों के व्यवहार में बदलाव पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने एनसीआर से जुड़े सभी राज्यों से बेहतर प्रथाओं को अपनाने और जागरूकता अभियानों को जमीनी स्तर तक ले जाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों को चिन्हित प्रदूषण हॉटस्पॉट पर ध्यान केंद्रित कर उनके समाधान के लिए व्यावहारिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। प्रदूषणकारी उद्योगों के नियमों के उल्लंघन पर कड़ाई से कार्रवाई करने तथा जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया।

श्री यादव ने कहा कि केवल जागरूकता अभियान पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रभावी क्रियान्वयन और नियमों का कड़ाई से पालन भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि सितंबर में केंद्रीय मंत्री स्तर पर फिर समीक्षा बैठक कर राज्यों की प्रगति और उठाए गए कदमों का आकलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित