नयी दिल्ली , जून 13 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम में वायुसेना के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में पांच जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा कि असम में वायुसेना के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में पांच बहादुर जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा।

श्रीमती वाड्रा ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा।

गौरतलब है कि शनिवार को वायुसेना का एनएन-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के समय क्रैश हो गया जिसमें पांच जवान शहीद हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित