मोतिहारी , सितंबर 21 -- भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम 25 सितंबर को मोतिहारी के आसमान में नौ हॉक एमके-132 विमानों के साथ हवाई प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान टीम उड़ान कौशल, सटीकता, अनुशासन और सामूहिक समन्वय का प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन के माध्यम से जिले के लोगों, विशेषकर युवाओं को भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता और उच्च प्रशिक्षण मानकों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
वर्ष 2026 के प्रशिक्षण सत्र के सफल समापन के बाद सूर्यकिरण टीम अपनी नवीनतम संरचना के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में हवाई प्रदर्शन की श्रृंखला के तहत मोतिहारी पहुंच रही है। इस वर्ष टीम में पांच नए सदस्य शामिल हुए हैं, जो अनुभवी सदस्यों के साथ मिलकर टीम की उत्कृष्टता और पेशेवर मानकों की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
सूर्यकिरण टीम नौ लाल-सफेद हॉक एमके-132 विमानों के साथ प्रदर्शन करती है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा भारत में लाइसेंस के तहत निर्मित इन विमानों से लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए जैसे जटिल हवाई करतब दिखाए जाएंगे। कुछ करतबों के दौरान विमानों के बीच की दूरी पांच मीटर से भी कम होती है, जो पायलटों के उच्च प्रशिक्षण, अनुशासन, समन्वय और आपसी विश्वास को दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित