बैतूल , मई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई तहसील स्थित रायआमला गांव की एक शराब दुकान पर युवक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवेंद्र नामक युवक शराब खरीदने दुकान पर पहुंचा था। आरोप है कि उसे सीलबंद बोतल के स्थान पर खुली बोतल दे दी गई। युवक द्वारा बोतल बदलने की बात कहने पर दुकान कर्मचारियों से उसका विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर शराब ठेकेदार के कर्मचारियों ने युवक के साथ मारपीट की। युवक को दुकान परिसर में घसीटते हुए पीटे जाने का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान पर निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। दुकान परिसर में ठेकेदार का नाम, लाइसेंस संबंधी जानकारी और शिकायत नंबर प्रदर्शित करने वाला बोर्ड भी नहीं लगा है।
स्थानीय निवासी सुनील साहू और अनिल सोलंकी ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। इस बीच थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित