सीतापुर , अगस्त 16 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में भाजपा के शिखर पुरुष एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर सीतापुर शहर के अटल चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर आज रविवार दिन में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को नमन किया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के राष्ट्र हित में किए गए कार्यों एवं उनके कुशल नेतृत्व को याद करते हुए , उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा की अटल जी ने एक सफल प्रधानमंत्री के रूप में भारत को नई दिशा देने का कार्य किया है. भारतीय जनता पार्टी को संगठन के प्रारंभिक दौर से सत्ता के शिखर तक पहुंचने में उनके संघर्ष, तपस्या और संगठनात्मक योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।

भाजपा के स्थानीय नेताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं बल्कि एक प्रखर पत्रकार, संवेदनशील कवि और सर्व स्वीकार व्यक्तित्व के धनी थे. उनका व्यक्तित्व भारतीय राजनीति में सदैव प्रेरणा का सूत्र बना रहेगा. राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था और सरल, सहज व्यवहार आने वाली पीढ़ियां को मार्गदर्शन देता रहेगा. इस अवसर पर पूर्व विधान परिषद सदस्य भारत त्रिपाठी, इंदु सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रामनरेश मिश्रा, अजय गुप्ता, अचिन मेहरोत्रा, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष विश्राम सागर राठौर, महेश शर्मा ,जिला महामंत्री रेखा वर्मा ,नैमिष रतन तिवारी, राजन गुप्ता, पंकज पांडे ,नीरज अवस्थी सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित