तिरुपति , जुलाई 17 -- आंध्र प्रदेश की विपक्षी पार्टी युवजन श्रमिका रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं।
वाईएसआरसीपी ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया को कुछ पसंदीदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिये तैयार किया गया है, जिससे व्यापक भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता भूमाना करुणाकर रेड्डी ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुये यह जानकारी दी, "टीटीडी ने श्री वेंकटेस्वर इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (एसवीआईएमएस) के कुलपति और निदेशक सहित योग्य एवं अनुभवी अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और वेद विद्वानों को दरकिनार कर भर्ती प्रक्रिया की निगरानी के लिये एक समिति गठित की है, जो नियमों के विरुद्ध है।" श्री रेड्डी टीटीडी के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं।
उन्होंने यह आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की शुरुआत भर्ती अधिसूचना जारी होने के साथ ही हो गयी थी, जब योग्यता और अनुभव संबंधी शर्तों में बदलाव कर उन्हें कुछ विशेष उम्मीदवारों के अनुरूप बनाया गया। उन्होंने कहा कि अब चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों का चयन भी समिति के सदस्य कर रहे हैं। इस समिति का नेतृत्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के एक करीबी रिश्तेदार के हाथ में है, जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं।
वाईएसआरसीपी नेता ने कहा कि चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की चयन प्रक्रिया में एसवीआईएमएस के निदेशक की कोई भूमिका नहीं है, जबकि हाल ही में डॉक्टरों की नियुक्तियों में हुई कथित अनियमितताएं अभी भी लोगों के जेहन में ताज़ा हैं।
श्री रेड्डी ने यह भी आरोप लगाया कि इंजीनियरों और इलेक्ट्रीशियनों की भर्ती में भी किसी तकनीकी विशेषज्ञ को शामिल नहीं किया गया है। वहीं, नित्य पारायण में वैदिक मंत्रोच्चार करने वाले वैदिक पंडितों की भर्ती में भी अनियमितताएं हो रही हैं। इन समिति में चारों वेदों के जानकार में विद्वान शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वैदिक पंडितों के पदों के लिये पहले ही परीक्षाएं आयोजित की जा चुकी थीं, हालांकि नियुक्तियां नहीं की गईं। इसके बावजूद अब टीटीडी बोर्ड ने नई भर्ती की घोषणा कर दी है। उन्होंने आशंका जताई कि इन पदों पर भी धन के लेन-देन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित