चंडीगढ़ , अक्टूबर 05 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने सोमवार को शिरोमणि अकाली दल के नेता विरसा सिंह वल्टोहा पर महिलाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए उनसे बहरीन की एक महिला से जुड़े सवालों का जवाब देने को कहा।

श्री पन्नू ने कहा कि निजी हमलों के बजाय श्री वल्टोहा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उक्त महिला को पंजाब क्यों लाया गया और उसे कथित तौर पर लंबे समय तक शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) की सराय में क्यों ठहराया गया। उन्होंने एसजीपीसी की गाड़ी, कर्मचारियों और कथित धन हस्तांतरण से जुड़े सवालों का भी जवाब मांगा। ऑडियो को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार किये जाने के श्री वल्टोहा के कथित दावे पर श्री पन्नू ने कहा कि यदि ऐसा है तो इसकी फोरेंसिक जांच कराई जानी चाहिए, ताकि तथ्य सामने आ सकें।

श्री पन्नू ने 2015 में अपने खिलाफ दर्ज मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वह मामले में करीब साढ़े चार साल तक अदालतमें लड़े और बाद में बरी हो गये। उन्होंने कहा कि यदि श्री वल्टोहा ने अपनी भाषा में सुधार नहीं किया तो वह इस मामले के पीछे कथित लोगों और घटनाक्रम का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी महिला के खिलाफ मामला दर्ज होने मात्र से उसके चरित्र पर टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं मिल जाता। श्री पन्नू ने श्री वल्टोहा से इस मामले में उठाये गये सवालों का जवाब देने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित