नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- देश का कुल निर्यात (वस्तु एवं सेवा मिलाकर) अप्रैल-मार्च 2025-26 के दौरान संचयी रूप से अनुमानित 860.09 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से आज जारी आंकड़ों के अनुसार 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में कुल निर्यात में विकट परिस्थितियों में भी सालाना आधार पर 4.22 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। वर्ष 2024-25 में कुल 825.26 अरब डॉलर की वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात हुआ था।

वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारत से वस्तुओं का संचयी निर्यात 441.78 अरब डॉलर तक पहुँच गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) में यह 437.70 अरब डॉलर था। इस तरह इनके निर्यात में वर्ष के दौरान 0.93 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।

बीते वित्त वर्ष के आखरी महीने मार्च, 2026 में 38.92 अरब अमेरिकी डॉलर का माल निर्यात किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित