नयी दिल्ली , मार्च 20 -- दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 50,000 रुपये के इनामी घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो सरिता विहार थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित था।

एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी का नाम विजय पात्रो है। वह साल 2023 से हत्या और गैरकानूनी सभा से जुड़ी धाराओं के तहत फरार चल रहा था। लगभग दो साल तक गिरफ्तारी से बचने के बाद 25 जुलाई 2025 को अदालत ने उसे 'घोषित अपराधी' ठहराया था।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) संजीव कुमार यादव ने बताया कि यह मामला अर्धेन्दु मंडल की हत्या से जुड़ा है। 15 सितंबर 2023 को अली विहार में उनके घर के पास उन पर चाकुओं और कुल्हाड़ियों से हमला किया गया था। डीसीपी ने बताया कि उनके बेटे आकाश मंडल ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार सह-आरोपी- शंभू प्रमाणिक, रवि, राजू पात्रो और मनोज हलदार पहले ही पकड़े जा चुके हैं। उनके खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल हो चुकी है। उस समय विजय पात्रो और एक अन्य आरोपी फरार थे।

जांच के दौरान निरीक्षक वीर सिंह के नेतृत्व में विशेष दल बनायी गयी। टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी के आधार पर मुंबई में पात्रो का पता लगाया। डीसीपी ने कहा कि मुंबई पुलिस के सहयोग से सीएसटी के पास एक फूड आउटलेट पर छापा मारकर उसे पकड़ लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित