बैतूल , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सदर स्थित पंचशील बुद्ध विहार में रविवार को वर्षावास समापन के अवसर पर भव्य धम्म रैली और कठिन चीवर दान समारोह आयोजित किया गया। पूज्य भदंत विनय रक्खिता महाथेरो के सानिध्य में हुए आयोजन में जिलेभर से आए सैकड़ों धम्म अनुयायियों ने भाग लिया।
आषाढ़ी पूर्णिमा से अश्विनी पूर्णिमा तक चले तीन माह के वर्षावास के समापन पर पंचशील बुद्ध विहार से धम्म रैली निकाली गई। रैली डॉ. आंबेडकर चौक, बस स्टैंड, लल्ली चौक, कलेक्ट्रेट और स्टेडियम सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस बुद्ध विहार पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के बाद श्रद्धालुओं के लिए भोजन दान यानी संगदान की व्यवस्था की गई।
रैली के दौरान धम्म ध्वज और बैनरों के साथ भगवान बुद्ध की प्रतिमा की सवारी, सम्राट अशोक और दो सैनिकों की झांकी तथा पारंपरिक आदिवासी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। 'बुद्धं शरणं गच्छामि' के जयकारों से शहर का वातावरण धम्ममय हो गया। मीडिया प्रभारी आरडी पाटिल के अनुसार, रैली में अटपरिष्कार दान प्राप्त करने वाले 10 उपासक भी शामिल हुए। ओपन जीप में पूज्य भंते विराजमान रहे। बुद्ध विहार लौटने पर उपासकों और उनके परिवारों ने भिक्षु संघ का स्वागत किया।
तीन दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में वर्षावास समिति, पंचशील बुद्ध विहार समिति और भारतीय बौद्ध महासभा की जिला एवं तहसील शाखाओं सहित चारबन ग्राम शाखा के आदिवासी समाज के लोगों ने सहयोग दिया। समारोह में अधिवक्ता नामदेव नागले, तुलाराम चौकीकर, डॉ. मनोज वरवड़े, नरेश कुमार, मक्खन जोड़, रामा अतुलकर, मधुकर पाटिल सहित विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उपासक-उपासिकाएं उपस्थित रहे। भिक्खु संघ ने समस्त मानव समाज के मंगल और दीर्घकालिक कल्याण की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित