गोरखपुर , मई 02 -- सांसद रवि किशन शुक्ला ने शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान गोरखपुर में आयोजित वर्ल्ड हेड इंजरी अवेयरनेस डे कार्यक्रम में कहा कि हेड इंजरी के मरीजों को चिकित्सक अन्य अस्पताल में रेफर करने से पहले तत्काल उचित इलाज मुहैया करायें ताकि उनकी जान बचायी जा सके।
रवि किशन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आम लोगों को जागरूक करते हैं कि जीवन में इस तरह की आकस्मिक घटनाओं में क्या करना चाहिए, हमें जीवन में क्या सावधानी बरतनी चाहिए जिससे इन घटनाओं से बचा जा सके। उन्होने एम्स के डॉक्टरों और स्टाफ को निर्देशित करते हुए कहा कि आप सब जो भी इमरजेंसी में मरीज आएं उन्हें सिर्फ रेफर न करें बल्कि उन्हें उचित और तत्काल इलाज दें। इस बात का ध्यान दें कि मरीजों और उनके परिजनों को परेशान न होना पड़े।
वर्ल्ड हेड इंजरी अवेयरनेस डे के अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने सिर की चोटों के प्रति जागरूकता, समय पर उपचार और सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की। डॉक्टरों ने कहा कि हेड इंजरी जैसी गंभीर समस्या से बचाव के लिए जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा उपाय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित