मोतिहारी , सितंबर 12 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने वर्दी की आड़ में अवैध वसूली करने और लोगों को पुलिस के नाम पर डराने-धमकाने के आरोप में नगर थाना के बाइक सेल में प्रतिनियुक्त दो सिपाहियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 11 सितंबर की शाम मजुराहां इलाके में ग्रामीणों ने दो व्यक्तियों को रोक लिया और उनके पुलिस के नाम पर कथित रूप से रुपये मांगने की सूचना रघुनाथपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी, रघुनाथपुर थाना प्रभारी तथा सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान सामने आया कि आठ सितंबर को वार्ड पार्षद पति राकेश सिंह के मोबाइल से सिपाही राजीव कुमार की पत्नी के यूपीआई खाते में पांच हजार रुपये भेजे गए थे। पूछताछ में राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि आठ सितंबर को एक बाइक सवार को पकड़े जाने के बाद उससे रुपये की मांग की गई थी और काफी आग्रह के बाद उक्त राशि लेकर बाइक सवार को छोड़ा गया।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने सिपाही संख्या 57 राजीव कुमार और सिपाही संख्या 679 आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। राजीव कुमार नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के धनराज बिगहा तथा आशीष कुमार सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर का निवासी बताया है।दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गयी है। जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और पुलिस की वर्दी किसी को कानून से ऊपर नहीं करती। उन्होंने कहा कि किसी पुलिसकर्मी के गलत आचरण की पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित