हरिद्वार , मार्च 06 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को शुक्रवार को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को ग्राम नन्हेडा अनंतपुर में जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर मोहित निवासी नन्हेडा अनंतपुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस संबंध में कोतवाली भगवानपुर मे दीपू निवासी नन्हेडा अनंतपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि यह गोलीबारी गांव के युवकों के दो गुटों के बीच चल रही आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के चलते हुई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शस्त्रों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
इसी कड़ी में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने जांच के दौरान ग्राम पुहाना क्षेत्र से वंशराज पुत्र मीर कुमार निवासी नन्हेडा अनंतपुर को नन्हेडा से सरठेड़ी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक कारतूस 315 बोर बरामद हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित