भोपाल , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश शिक्षक भर्ती वर्ग-3 में मेरिट होल्डर के रूप में चयनित अभ्यर्थियों ने बुधवार को भोपाल के एमपी नगर स्थित बोर्ड ऑफिस चौराहे पर चक्काजाम कर नियुक्ति और जॉइनिंग की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी सड़क पर बैठकर थालियां बजाते हुए विरोध जता रहे हैं। मौके पर पहुंचे अधिकारी उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभ्यर्थी हटने को तैयार नहीं हैं।
अभ्यर्थियों के अनुसार नियुक्ति और जॉइनिंग की मांग को लेकर उनका आंदोलन लगातार तीसरे दिन जारी है। उनका कहना है कि दिनभर प्रदर्शन के बाद कई अभ्यर्थियों को खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ रही है। प्रदर्शन स्थल पर कुछ अभ्यर्थियों के बच्चे भी मौजूद हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। उनके अनुसार 16 सितंबर 2026 को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात कर लंबित प्रकरणों से अवगत कराया था। उस दौरान जल्द निराकरण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
अभ्यर्थियों की मांगों में 25 अगस्त 2025 से संबंधित लंबित प्रकरणों का निराकरण, मेरिट होल्डर के रूप में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति एवं जॉइनिंग शुरू करना, आवेदन क्रमांक 49 में दर्ज प्रावधानों का पालन तथा लंबित विभागीय एवं दस्तावेजी प्रक्रिया जल्द पूरी करना शामिल है। अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक नियुक्ति और जॉइनिंग को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित