भुवनेश्वर , मार्च 09 -- वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष मिश्रा का रविवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।

श्री मिश्रा का पत्रकारिता में एक लंबा और शानदार करियर रहा है और उन्होंने 'द टाइम्स ऑफ इंडिया', 'द पायनियर' और 'द टेलीग्राफ' जैसे प्रमुख समाचार पत्रों के साथ काम किया। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह स्वतंत्र पत्रकार के रूप में इस क्षेत्र में सक्रिय रहे और कई दैनिक समाचार पत्रों, साप्ताहिक पत्रिकाओं और ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलों के लिये लिखते रहे।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने श्री मिश्रा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक संदेश में श्री माझी ने कहा कि वह इस खबर से बहुत दुखी हैं और श्री मिश्रा का जाना ओडिशा की पत्रकारिता के लिये एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और भगवान जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने अपने शोक संदेश में श्री मिश्रा के सटीक राजनीतिक विश्लेषण और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके लंबे करियर के दौरान दिये गये योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। श्री पटनायक ने दुखी परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति भी प्रकट की।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी श्री मिश्रा के निधन पर शोक जताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि श्री मिश्रा ने पत्रकारिता और राजनीतिक विश्लेषण में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी और उनका निधन ओडिशा के पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित