चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कई विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अस्पतालों में पंजीकरण, ओपीडी, प्रयोगशाला और दवा वितरण काउंटरों पर बुजुर्गों के लिए अलग कतारें बनाई गई हैं। इसके अलावा अस्पताल परिचारकों की सहायता से विशेष वृद्धावस्था क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में हर महीने के तीसरे शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में बुजुर्गों का व्यापक वृद्धावस्था मूल्यांकन किया जा रहा है। जिला सिविल अस्पतालों में फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है। ई-संजीवनी और टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे वरिष्ठ नागरिक घर बैठे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित