फिरोजाबाद , अगस्त 07 -- वृद्ध जन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से मुलाकात की और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कोरोना काल से पहले वरिष्ठ नागरिकों को रेल एवं हवाई यात्रा में मिलने वाली रियायतें पुन: बहाल करने तथा आयुष्मान योजना का लाभ लेने की उम्र सीमा घटाकर 60 वर्ष करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम द्वारा स्थापित सीनियर केयर सेंटरों को शीघ्र शुरू कराने सहित वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। ज्ञापन में कहा गया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया जाए। इसके अलावा कोरोना काल से पहले रेल और हवाई यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रियायतों को पुन: बहाल किया जाए।
समिति ने नगर निगम द्वारा स्थापित सीनियर केयर सेंटरों को जल्द शुरू कराने, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए 10 बेड का अलग वार्ड आरक्षित करने तथा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की। उनके कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाने का भी आग्रह किया गया।
ज्ञापन में भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप जिला स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए वरिष्ठ नागरिकों और अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित करने का सुझाव भी दिया गया।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने तथा वरिष्ठ नागरिकों के हित में शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित