नयी दिल्ली , अक्टूबर 10 -- लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पार्टी के पूर्व महासचिव दीपक बाबरिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने उनके निधन को कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व महासचिव दीपक बाबरिया के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। संगठन के प्रति उनका समर्पण और पार्टी को मजबूत करने में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों, साथियों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दीपक बाबरिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुश्री वाड्रा ने भी दीपक बाबरिया के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वह कांग्रेस पार्टी और उसकी विचारधारा के प्रति समर्पित सिपाही थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित