चंडीगढ़, 01अक्टूबर (वार्ता) 'वोट चोरी' के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान के तहत पंजाब से 15 लाख हस्ताक्षर एकत्र किये जायेंगे और 15 अक्टूबर को चुनाव आयोग को पांच करोड़ हस्ताक्षर सौंपे जायेंगे।
इस बीच वरिष्ठ अकाली दल नेता और पूर्व मंत्री अनिल जोशी और प्रसिद्ध समाजसेवी दीपक लांबा आज कांग्रेस में शामिल हुये।
इस अवसर पर एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए, पार्टी महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और अन्य नेताओं ने श्री जोशी और श्री लांबा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनके शामिल होने से कांग्रेस और मजबूत होगी।
श्री बघेल ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पुख्ता सबूतों के साथ किये गये खुलासे के बाद भाजपा पूरी तरह बेनकाब हो गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब इतनी हताश हो चुकी है कि उसके एक प्रवक्ता ने खुलेआम उन्हें (राहुल गांधी को) सीने में गोली मारने की धमकी दी है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पंजाब कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ एक राज्यस्तरीय 'यात्रा' आयोजित करेगी, जो सभी जिलों से होकर लोगों में जागरूकता पैदा करेगी। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश कांग्रेस की एक बैठक के दौरान पार्टी ने भाजपा नेता द्वारा गांधी को दी गई धमकी की कड़ी निंदा की है और उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। श्री जोशी और श्री लांबा के कांग्रेस में शामिल होने के बारे में उन्होंने कहा कि इससे राज्य में अग्रणी पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी 10 अक्टूबर तक पंजाब से वोट चोरी के खिलाफ कम से कम 15 लाख हस्ताक्षर करवायेगी। उन्होंने श्री जोशी और श्री लांबा का पार्टी में स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी सरकार से मुक्ति पाने के लिए चुनावों का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं, क्योंकि लोगों को एहसास हो गया है कि आप ने पंजाब को हर तरह से बर्बाद कर दिया है।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि न केवल अन्य राजनीतिक दलों के नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और विचारक भी कांग्रेस की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं। उन्होंने वोट चोरी का हवाला देते हुए, कहा कि अगर 2024 में निष्पक्ष चुनाव होते, तो भाजपा को 160 से ज़्यादा सीटें नहीं मिलतीं।
श्री जोशी ने पार्टी की सेवा का अवसर देने के लिए कांग्रेस नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में, उनका दृढ़ विश्वास है कि केवल कांग्रेस ही पंजाब को प्रगति और विकास के पथ पर ले जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित