कानपुर , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के हरवंश मोहाल क्षेत्र में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 171 संरक्षित कछुये बरामद किये गये।

प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग ने मंगलवार को बताया कि एक सूचना के आधार पर वन विभाग तथा एसटीएफ मुख्यालय, लखनऊ की संयुक्त टीम द्वारा हरवंश मोहाल क्रॉसिंग के पास विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में काले रंग का बैग लिए दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 171 इंडियन रूफ्ड टर्टल प्रजाति के कछुए बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि इंडियन रूफ्ड टर्टल भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में संरक्षित वन्यजीव है। ऐसे वन्यजीवों का शिकार करना, उन्हें अवैध रूप से अपने कब्जे में रखना अथवा उनका व्यापार करना अधिनियम की धारा 9, 39, 40, 48(ए), 51 एवं 57 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम जाहिद अली , निवासी भटपुरा, थाना कमालगंज, जनपद फर्रुखाबाद बताया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत विभागीय एच-2 प्रकरण दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

बरामद किए गए सभी 171 कछुओं को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कानपुर के आदेश के अनुपालन में वन विभाग कानपुर नगर एवं फर्रुखाबाद की संयुक्त टीम की निगरानी में उनके प्राकृतिक आवास पंचालघाट, जनपद फर्रुखाबाद स्थित गंगा नदी में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित