नैनीताल , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड के सरोवर नगरी नैनीताल में भीमताल ब्लॉक के सूर्या जाला गांव में वन विभाग को एक बाघ को बेहोश करने में सफलता मिली है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने बाघ को बेहोश कर अपने कब्जे में ले लिया। जिसको जिला नैनीताल के रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में सूर्या जाला ग्रामीण क्षेत्र में एक महिला जब जंगल में अपने पालतू मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं, तब बाघ ने उन्हें अपना निवाला बना लिया था।
इस घटना के बाद से ही वन विभाग ने क्षेत्र में पांच पिंजरे और दस से अधिक कैमरे लगाकर सघन तलाश अभियान चलाया था। बाघ ने बीते दिन एक मवेशी का शिकार किया था।
इसी दौरान जब बाघ दोबारा अपने उसी शिकार को खाने पहुंचा, तभी वन विभाग की टीम ने उसे बेहोश कर लिया। पकड़े गये बाघ के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि क्या यह वही वन्यजीव है जिसने महिला पर हमला किया था या कोई अन्य बाघ। पर्वतीय इलाकों में जंगली जानवरों के आतंक से पालतु पशुओं के साथ-साथ मानव पर भी जंगली जानवरों के हमले की घटना बढ़ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित