रामनगर , फरवरी 25 -- उत्तराखंड के रामनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर 21 नवंबर 2025 को पिरूमदारा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले वनकर्मी मनीष बिष्ट की पत्नी नीलम बिष्ट को वन विभाग ने मानवीय पहल करते हुए रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग की आमपोखरा रेंज में दैनिक वेतनभोगी के आधार पर नियुक्ति प्रदान की है।
मनीष बिष्ट मूल रूप से रामनगर के चिलकिया क्षेत्र के निवासी थे और वन विभाग के तराई पश्चिमी वन प्रभाग में चालक के पद पर कार्यरत थे।
इसी क्रम में वन्यजीव संरक्षण संस्था डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से भी सहयोग देते हुए आज तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे परिवार को कुछ राहत मिल सके।
इस अवसर पर तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश आर्या, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के प्रतिनिधि मिराज तथा कुमाऊं चीफ डॉ साकेत बडोला सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि विभाग अपने दिवंगत कर्मियों के परिवारों के साथ खड़ा है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी वन विभाग और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित