धार , मई 21 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में वन विभाग ने वन भूमि पर अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन और डंपर जब्त किया है। कार्रवाई पीथमपुर क्षेत्र में देर रात मुखबिर की सूचना पर की गई।
वन विभाग के अनुसार वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी.आर. के मार्गदर्शन में धार वन मंडल की टीम ने छापामार कार्रवाई की। वन परिक्षेत्र अधिकारी मांडव सचिन सयदे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीथमपुर स्थित टंट्या मामा भील चौराहे के पास इंडोबोरेक्स कंपनी के नीचे वन भूमि पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
सूचना पर वन अमला देर रात मौके पर पहुंचा और वन कक्ष क्रमांक 480 में अवैध उत्खनन करते हुए एक पोकलेन मशीन तथा बिना नंबर का डंपर रंगे हाथ पकड़ लिया। विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
जांच में वाहन मालिक का नाम माहुल सिगार निवासी अकोलिया तथा चालक का नाम माहुल पिता गमरिया निवासी मेरती, बाग बताया गया है। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है। वन विभाग ने दोनों वाहनों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित