उज्जैन , जून 02 -- मध्यप्रदेश की उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने मंदसौर जिले में वन विभाग के एक बाबू को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार वन विभाग की स्थापना शाखा के प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर ने गांधी सागर परिक्षेत्र में पदस्थ वनरक्षक ललित मीणा से अर्जित अवकाश के आवेदन को अग्रेषित कर स्वीकृत कराने के नाम पर तीन हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के अनुसार ललित मीणा ने स्वयं के उपचार के लिए 43 दिवस के अर्जित अवकाश हेतु 27 मई 2026 को विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। उक्त आवेदन आरोपी की आईडी में लंबित था, जिसे आगे बढ़ाने और स्वीकृति दिलाने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण प्रताप सिंह राठौर को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित