हनुमानगढ़ , जून 04 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में बुधवार को वन विभाग के कर्मचारियों को जंगल से अवैध लकड़ियां ले जा रहे चार युवकों ने वाहन से कुचलने का प्रयास किया जिससे एक वनकर्मी घायल हाे गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वनपाल योगेश मेघवाल (26) ने देर रात प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ ड्यूटी पर थे, तभी पल्लू क्षेत्र के चाहत होटल के पास एक पिकअप वाहन पर सवार कुछ युवक अवैध रूप से लड़कियों को लेकर जा रहे थे। वन कर्मियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए पिकअप वाहन से उन्हें कुचलने का प्रयास किया।

उसने बताया कि इससे वनपाल रूपाराम वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गया। आरोपियों ने रूपाराम की वर्दी फाड़ दी और उनके द्वारा रोके गए पिकअप वाहन को भी छुड़ा लिया। इसके बाद आरोपियों ने वन कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में भीम स्वामी, लिच्छीराम, बजरंग स्वामी और हनुमान दास के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरु कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित