करनाल , जुलाई 30 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सावन के पावन अवसर पर एक लोटा जल भगवान शिव के नाम, एक पौधा आने वाली पीढ़ी के नाम" का संकल्प लेने की अपील की।

करनाल के कुटैल स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव में मुख्यमंत्री ने 800 स्कूली विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। समारोह के दौरान मियावाकी पद्धति से 20 हजार पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कम से कम एक पौधा गोद लेकर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार वर्ष 2026-27 में 1 करोड़ 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। पिछले वित्तीय वर्ष में राज्य में 1 करोड़ 52 लाख पौधे लगाए गए। प्रदेश में 58 हर्बल पार्क, 75 नमो पार्क, प्रत्येक जिला मुख्यालय में ऑक्सीजन वन तथा गांवों और तीर्थ स्थलों पर पंचवटी विकसित की जा रही हैं। प्राण वायु देवता योजना के तहत 5,360 पुराने और महत्वपूर्ण वृक्षों के संरक्षण के लिए प्रति वृक्ष 3,000 रुपये वार्षिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरियाली स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कृषि वानिकी को किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित