जालौन , जुलाई 2 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में गुरुवार को वन महोत्सव के द्वितीय दिवस पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन विभाग एवं हेल्पिग हैण्ड्स सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में "आम बहार आपके द्वार" थीम पर भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय से टाउन हॉल उरई तक निकाली गई रैली में लगभग 350 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 150 महिलाएं और 200 पुरुष शामिल रहे। प्रतिभागियों ने "पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ" का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि वर्षाकाल 2026 में प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
रैली में हेल्पिग हैण्ड्स सेवा संस्थान के अध्यक्ष सत्येन्द्र श्रीवास्तव, धनाराम महाविद्यालय के प्रबंधक बच्चू महाराज सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्रीय वन अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित