अलवर , मार्च 19 -- राजस्थान में वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने आज चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर करणी माता मंदिर, श्री चक्रधारी हनुमान जी मन्दिर, बाला किला स्थित श्री राम मंदिर एवं काली माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करके प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

श्री शर्मा ने नव संवत्सर की सबको शुभकामनायें देते हुए करणी माता मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने करणी माता मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिये सभी व्यवस्थाएं सुगम एवं सुचारु रखने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि अरावली की तलहटी में अलवर में मां करणी माता का मंदिर स्थित है। यह पर्यावरण संरक्षण का अनुपम उदाहरण है। वन क्षेत्र में होने के कारण यहां बाघ-बाघिन की आवाजाही होती रहती है, जिसकी वन विभाग द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। अत: श्रद्धालु करणी माता के मंदिर में आते समय सतर्क एवं सावचेत रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित