जगदलपुर , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को बस्तर ओलंपिक-2026 के लिए स्वयं पंजीयन कर अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और खेल प्रतिभाओं को इस आयोजन से जोड़ने का आह्वान किया।
श्री कश्यप ने जगदलपुर के धरमपुरा स्थित खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन कराया और आयोजन के शुभंकर के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक अंचल के गांव-गांव में मौजूद खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करता है। वर्ष 2025 में तीन लाख 91 हजार 289 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था और इस वर्ष पंजीयन की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है।
श्री कश्यप ने कहा कि लक्ष्य को हासिल करने के लिए अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपने क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बस्तर ओलंपिक से जोड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि 'नया बस्तर' की पहचान यहां के प्रतिभाशाली युवाओं से बनेगी और प्रयास होना चाहिए कि हर गांव की प्रतिभा खेल मैदान तक पहुंचे।
कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित