कॉर्बेट टाइगर रिजर्व कालागड़,08फरवरी(वार्ता)उत्तराखंड में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर (नैनीताल) में वन कर्मियों की सुरक्षा और सोलर फेंसिंग प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। फील्ड डायरेक्टर, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निर्देशन में दिनांक 08 फरवरी 2026 को कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केन्द्र, कालागढ़ में एक दिवसीय सोलर फेंसिंग रखरखाव एवं सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे निदेशक अमित कुमार ग्वासीकोटी द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागी स्टाफ का स्वागत करते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत विभिन्न चौकियों एवं परिसरों में स्थापित सोलर फेंसिंग की उपयोगिता, रखरखाव और सुरक्षा पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही प्रतिभागियों से उनके-अपने कार्य क्षेत्रों में स्थापित सोलर फेंसिंग की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की गई।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में संदीप नारंग एवं एस.के. नारंग (केएस सॉल्यूशन, रामनगर) द्वारा सोलर फेंसिंग प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें सोलर फेंसिंग की स्थापना प्रक्रिया, वायर, पोल एवं कॉर्नर पोल की भूमिका, अर्थिंग सिस्टम, टूटे हुए इंसुलेटर, ढीली वायर की मरम्मत, सोलर पैनल की सफाई, बैटरी मेंटेनेंस तथा फेंस लाइन की नियमित सफाई जैसे विषय शामिल रहे। विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि छोटी-मोटी तकनीकी कमियों को वन कर्मी स्वयं ठीक कर सकते हैं, जिससे फेंसिंग प्रणाली लंबे समय तक प्रभावी बनी रहे।
कार्यशाला में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में स्टाफ की सुरक्षा हेतु स्थापित सोलर फेंसिंग का नियमित और सही रखरखाव अत्यंत आवश्यक है, ताकि वन्यजीवों और कर्मचारियों के बीच टकराव की संभावनाओं को कम किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित