अलवर , अगस्त 13 -- राजस्थान में राज्य सरकार की ओर से गुरुवार को जयपुर में आयोजित मंत्रिमंडल बैठक में वन कर्मचारियों की पदोन्नति नियमावली में संशोधन करने के निर्णय से वन कर्मचारियों में खुशी की लहर व्याप्त हो गई।

इस संशोधन से लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान अधीनस्थ वन कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री रामवीर गुर्जर ने गुरुवार को बताया कि वन कर्मचारी पिछले छह वर्षों से पदोन्नति नियमों में संशोधन का इंतजार कर रहे थे। अब नियमों में संशोधन से वन कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए वन मंत्री का आभार जताया।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सेनी ने नियम संशोधन पर सभी वन कर्मचारियों को बधाई दी। महिला प्रदेश अध्यक्ष शंकुतला शर्मा ने भी सरकार और संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद किया। वहीं संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक महेंद्र सिंह चौधरी ने इसे राज्य के वन कर्मचारियों के लंबे संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से उनमें उत्साह का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित