रामनगर,12अप्रैल(वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में वन अधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत ग्राम सुंदरखाल, देवीचौड़ खत्ता, चौफुला खत्ता एवं धनगढ़ी खत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने के दावे पर आपत्ति व संशोधन को लेकर रविवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुंदरखाल में ग्रामीणों की विशेष खुली बैठक आयोजित की गई।
ग्राम स्तरीय वनाधिकार समिति के आह्वान पर हुई बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेते हुए एक स्वर में कहा कि वह पीढ़ियों से इन भूमियों पर निवास कर रहे हैं। ऐतिहासिक साक्ष्य तथा पुरानी पत्रावली इस बात का सबूत हैं। बैठक में सामूहिक वनाधिकार दावे को पढ़ा गया, जिसका ग्रामीणों ने हाथ उठाकर ध्वनि मत से समर्थन किया। वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों, पुराने कब्जे, सामुदायिक संसाधनों के अधिकार, जंगल संरक्षण और वन गांवों को राजस्व गांव बनाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित