जयपुर , अक्टूबर 03 -- राजस्थान में जयपुर के वन्यजीव सप्ताह के दूसरे दिन हाथीगांव में हाथियों के संरक्षण, कल्याण एवं उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हाथी सजावट प्रतियोगिता रहा, जिसमें हाथी महावतों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही पशु कल्याण एवं देखभाल जागरुकता सत्र के माध्यम से हाथियों की देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण से संबंधित जानकारी दी गयी। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को हाथियों के महत्व, मानव-हाथी सह-अस्तित्व एवं जिम्मेदार वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया गया।

वन्यजीव सप्ताह के तहत नाहरगढ़ जैविक उद्यान में विद्यार्थियों के लिए वन्यजीव डाक्युमेंट्री स्क्रीनिंग एवं इंटरेक्टिव सेशन आयोजित किये गये। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं आमजन ने नाहरगढ़ जैविक उद्यान का भ्रमण किया तथा वन्यजीवों के संरक्षण एवं जैव विविधता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसी क्रम में मुहाना कंजर्वेशन रिजर्व में विद्यार्थियों एवं वन विभाग के स्टाफ के लिए गाइड नेचर वॉक एवं एजुकेशन टूर आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को स्थानीय जैव विविधता एवं प्रकृति संरक्षण के महत्व से परिचित कराया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वन्यजीवों एवं प्रकृति से जोड़ना तथा उनमें वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं सक्रिय सहभागिता की भावना विकसित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित