देहरादून , अक्टूबर 01 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल ने गुरुवार को संयुक्त रूप से वन्यजीव सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया। वन्यजीव संघर्ष के दौरान अदम्य साहस दिखाने और अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाने वाले 18 लोगों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी 18 लोगों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों और वन्यजीव फोटोग्राफी पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने वन्यजीव विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक जिले में कम से कम एक नए पर्यटन स्थल की पहचान कर प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखते हुए वहां पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
श्री धामी ने कहा कि वन्यजीव हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि वन्यजीवों के जंगल सुरक्षित रहें और उनके आवागमन के रास्ते खुले रहें। विकास परियोजनाओं के साथ वन्यजीवों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सबसे बड़ी पूंजी उसकी प्रकृति और समृद्ध जैव-विविधता है। सरकार प्रकृति के साथ संतुलन बनाते हुए वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा दे रही है, ताकि जंगल सुरक्षित रहें और स्थानीय लोगों की आय भी बढ़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के पुनर्स्थापन की परियोजना का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिम तेंदुआ पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए इसके संरक्षण और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने और जंगलों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। कॉर्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व में विशेष बाघ संरक्षण बल के गठन की दिशा में भी निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि वन्यजीव हमले में मृत्यु होने पर दी जाने वाली अनुग्रह राशि छह लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। हमले में घायल नागरिकों के इलाज का खर्च भी राज्य सरकार वहन कर रही है। उन्होंने पर्यटकों से जंगल सफारी, राष्ट्रीय उद्यान और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक न छोड़ने तथा वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित