रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने रविवार को ऑपरेशन प्रहार के तहत जसपुर में वन्यजीवों के अंगों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करके उसके पास से 114 जोड़े हत्था जोड़ी (गोह के अंग), जंगली सूअर का दांत और पांच मोती शंख बरामद किये।
पुलिस ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद और कांस्टेबल वीरेंद्र दत्त जसपुर कस्बे में शहीद अमित कुमार बग्गा द्वार के पास एसओजी काशीपुर की टीम के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि राजपूत सभाभवन गेट के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से वन्यजीवों के अंग बेच रहा है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक व्यक्ति को तीन प्लास्टिक के डिब्बों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश दीक्षित (32) निवासी मोहल्ला कटरा, थाना सहसवान, जिला बदायूं (उप्र), हाल निवासी राजपूत सभाभवन, वार्ड नंबर 4, जसपुर बताया।
आरोपी के पास से 114 जोड़े हत्था जोड़ी (गोह के अंग), जंगली सूअर का एक दांत, पांच मोती शंख बरामद हुए। मौके पर बुलाई गई जसपुर दक्षिणी रेंज की वन क्षेत्राधिकारी अनुस्वार टम्टा की टीम ने सामग्री की पहचान की। वन विभाग के अनुसार बरामद तीनों प्रजातियां वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित