देहरादून , अक्तूबर 06 -- मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड द्वारा देहरादून में मंगलवार को आयोजित वन्दे मातरम कैंप 2026-27 का समापन विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, व्यक्तित्व विकास सत्र एवं प्रतिभागियों के सम्मान के साथ हुआ।

इस दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों ने युवाओं को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता, नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी एवं युवा सहभागिता से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।

आज दिन की शुरुआत प्रतिभागियों के लिए प्रातःकालीन मेडिटेशन सत्र से हुई। मुख्यमंत्री की मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष, डॉ गोविंद सिंह ने कम्युनिकेशन स्किल्स एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट विषय पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने युवाओं के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद एवं स्वयं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने के महत्व पर प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। इसके बाद कैंप में विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। केरल, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली एवं राजस्थान के प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों की लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को एक ही मंच पर देखने का अवसर मिला।

सामूहिक प्रस्तुतियों के बाद प्रतिभागियों द्वारा एकल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इनमें केरल की पारंपरिक कलरिपयट्टू तथा राजस्थान की रागिनी सहित विभिन्न राज्यों की कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बनाया। विभिन्न प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों के बीच सांस्कृतिक समझ और आपसी सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

इसके पश्चात कैंप में सफलतापूर्वक सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम में डॉ. गोविंद सिंह के साथ राहुल डबराल, राज्य निदेशक, मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड तथा अविनाश सिंह, उप निदेशक, मेरा युवा भारत उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उत्साह एवं सहभागिता को सम्मानित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित