चंडीगढ़ , अप्रैल 28 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मंगलवार को पटियाला जिले के राजपुरा के पास रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके की कड़ी निंदा की और चेतावनी दी कि ये पंजाब के लिए बेहद खतरनाक संकेत हैं।
श्री वड़िंग ने आम आदमी पार्टी सरकार की अयोग्यता को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इससे पंजाब की कठिन मेहनत से हासिल की गई शांति दांव पर लग गई है। उन्होंने कहा, "आप अपनी सरकार बचाने में व्यस्त है, जबकि पंजाब को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है।"उन्होंने बीती रात पंजाब में हुई कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब एक और काले दौर का जोखिम नहीं उठा सकता ।उन्होंने बताया कि राजपुरा के पास रेलवे ट्रैक को उड़ाने की नीयत से बम धमाका हुआ, वहीं बटाला में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई और गुरदासपुर के एक व्यस्त बाजार में ग्रेनेड बरामद हुआ-ये सभी घटनाएं कुछ ही घंटों के भीतर हुईं।
श्री वड़िंग ने कहा कि पंजाब की आप सरकार न केवल अयोग्य है, बल्कि कमजोर और असुरक्षित भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असामाजिक और राष्ट्र-विरोधी तत्वों, अपराधियों और तोड़फोड़ करने वालों पर नजर रखने के बजाय अपनी ही पार्टी के विधायकों पर नजर रखने और उन्हें एकजुट रखने में अपनी ऊर्जा और संसाधन खर्च कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित