जयपुर , सितंबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब एवं जम्मू कश्मीर के भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित वडनगर की पावन धरती से वाराणसी की पुण्यभूमि तक चल रही 'वडनगर-वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा' केवल किलोमीटर का सफर नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने वाली प्रेरणादायी यात्रा है।
डॉ पूनियां ने शनिवार को इस यात्रा के जयपुर जिले में आमेर के बिलोंची आगमन पर सेवा यात्रियों का अभिनंदन किया तथा सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के 25 वर्ष देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति उनके अटूट संकल्प की गौरवशाली यात्रा हैं। गुजरात से लेकर देश के नेतृत्व तक, उनके नेतृत्व में भारत ने विकास और परिवर्तन की नई ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री के 'सेवा ही संकल्प' के संदेश को आगे बढ़ाते हुए समाज में सेवा और राष्ट्रभाव की नई ऊर्जा का संचार करेगी। इस अवसर पर मेहसाणा सांसद हरी पटेल सहित सभी सेवा यात्रियों का उत्साह और समर्पण प्रेरणादायी रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित