गयाजी, मार्च 21 -- गयाजी जिले में डुमरिया प्रखंड के छकरबंधा और वजीरगंज थाना क्षेत्र में वज्रपात से दो किसानों की मौत हो गई।
पहली घटना डुमरिया प्रखंड के छकरबंधा थाना क्षेत्र की है। किसान महेंद्र यादव अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। महेंद्र संभल पाते, उससे पहले ही बिजली सीधे उन पर गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पास में बंधी उनकी भैंस भी वज्रपात के चपेट में आने से पहले गंभीर रूप से घायल हुई और बाद में उसकी भी मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि महेंद्र यादव परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। उनकी मौत से घर पर संकट खड़ा हो गया है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है।
दूसरी घटना वजीरगंज थाना के कोल्हना गांव में हुई, जहाँ शुक्रवार की देर शाम वज्रपात से 50 वर्षीय किसान मनोज कुमार सिंह की जान चली गई। वह अपने पिता और मजदूरों के साथ खेत से लौट रहे थे। अचानक तेज हवा और बारिश शुरू हुई। इसी बीच वज्रपात हुआ और उसकी चपेट में आने से मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मनोज के एक भाई की की मौत दस साल पहले सड़क हादसे में हुई थी।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। छकरबंधा और वजीरगंज पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इस घटना के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत सहायता देने की बात कही है। वजीरगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रभाकर सिंह ने कहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित