सिलीगुड़ी , जून 04 -- पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक वकील ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आरोप है कि सुश्री बनर्जी ने राजनीतिक सभाओं और मीडिया से बातचीत के दौरान कुछ ऐसे सार्वजनिक बयान दिए, जो आपत्तिजनक थे।
कलकत्ता उच्च न्यायालय की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच में प्रैक्टिस करने वाली वकील रिंकू चटर्जी सिंह ने बुधवार शाम को थाने में यह शिकायत सौंपी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुश्री बनर्जी ने संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ भड़काऊ और उत्तेजक टिप्पणियां कीं। इन संस्थाओं में निर्वाचन आयोग और चुनावों के दौरान तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल शामिल हैं।
शिकायत के अनुसार सुश्री बनर्जी ने कथित तौर पर इन संस्थाओं की निष्पक्षता और ईमानदारी पर सवाल उठाए। ऐसा करके उन्होंने सरकारी तंत्र के प्रति जनता में अविश्वास और असंतोष पैदा करने की कोशिश की। शिकायतकर्ता ने दो जून को रानी राशमोनी में सुश्री बनर्जी द्वारा दिए गए एक भाषण का भी ज़िक्र किया और दावा किया कि इस भाषण में उन्होंने गृह मंत्रालय के साथ हुई गोपनीय चर्चाओं के बारे में बात की और केंद्र सरकार तथा केंद्रीय गृह मंत्री पर पड़ोसी देश बंगलादेश में हुई एक राजनीतिक हत्या से जुड़े होने के आरोप लगाए।
उन्होंने शिकायत में कहा है कि यदि ये बयान वास्तव में दिए गए हैं, तो इनका भारत की संप्रभुता, अखंडता, सार्वजनिक व्यवस्था और बंगलादेश के साथ कूटनीतिक संबंधों पर बुरा असर पड़ सकता है। इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि इन टिप्पणियों से विभिन्न समुदायों के बीच सांप्रदायिक वैमनस्य और शत्रुता पैदा होने की आशंका है और इससे बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित