बारां , जनवरी 20 -- राजस्थान में बारां के अधिवक्ता अरविन्द बघेरवाल पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जिले के न्यायालयों में मंगलवार को वकीलों ने न्यायिक कार्य बंद रखा।
अभिभाषक परिषद बारां के अध्यक्ष ओम भारद्वाज के नेतृत्व में वकीलों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के द्वार पर धरना दिया। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने पहुंचे वकील करीब ढाई घण्टे मुख्य द्वार पर बैठे रहे, लेकिन पुलिस अधीक्षक ज्ञापन लेने नहीं आये। जिसके बाद वकीलों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और ज्ञापन की प्रति जलाकर विरोध जताया।
अभिभाषक परिषद के महासचिव जितेन्द्र नागर एवं उपाध्यक्ष दूल्हे सिंह गौड़ ने बताया कि जिला न्यायालय में बुधवार को भी न्यायिक कार्य पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित