मिर्जापुर , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में शनिवार को अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के दौरान हंगामा और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। प्रदर्शन के दौरान न्यायालय कक्ष में नुकसान पहुंचाया गया तथा फाइलें इधर-उधर फेंक दी गईं, जिससे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में अधिवक्ता एसडीएम और सीओ सिटी पर समाजवादी पार्टी नेता एवं अधिवक्ता सतीश चंद्र मिश्र के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में एकत्र हुए थे। बताया गया कि गुरुवार रात कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष शिवकुमार पटेल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों को टोल प्लाजा से मुक्त कराने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे। आरोप है कि जिला प्रशासन और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर धरना स्थल से तंबू-कनात हटवा दिए और धरना समाप्त करा दिया।

इस दौरान सपा नेता सतीश चंद्र मिश्र वहां पहुंचे और प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया। आरोप है कि बाद में उन्हें थाने ले जाया गया। इसी घटना के विरोध में शनिवार को अधिवक्ताओं ने बैठक कर प्रदर्शन का निर्णय लिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय की ओर मार्च किया और वहां पहुंचकर तोड़फोड़ की। न्यायालय कक्ष में रखी फाइलों को बाहर फेंक दिया गया।

घटना के बाद पूरे कचहरी परिसर में तनाव और अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रशासन और पुलिस मामले की जानकारी जुटाने तथा आगे की कार्रवाई में लगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित