जयपुर , जून 07 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रताप नगर थाना क्षेत्र में पन्द्रह वर्षीय वंशिका गर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद रविवार को आरयूएचएस अस्पताल के बाहर परिजनों, समाजजनों एवं संयुक्त अभिभावक संघ के पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
संयुक्त अभिभावक संघ ने वंशिका गर्ग प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराने, सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई किए जाने की राज्य सरकार से मांग की है।
अभिभावक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि यदि मामले में किसी प्रभावशाली व्यक्ति अथवा उसके सहयोगियों की संलिप्तता की आशंका है, तो जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र विशेष जांच दल (एसआईटी) से करवाई जानी चाहिए। इससे पीड़ित परिवार और समाज का विश्वास कायम रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि वंशिका गत पांच जून को अपनी माता की दुकान से साइकिल चलाने का कह कर निकली और लापता हो गई थी। बाद शनिवार को उसका शव प्रताप नगर स्थित एआईएस रेजिडेंसी के बी-ब्लॉक क्षेत्र में मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित