रायपुर , अगस्त 21 -- केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने राष्ट्रगीत 'वन्दे मातरम्' को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना करते हुए शुक्रवार को कहा कि इसका अपमान देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों की शहादत पर सीधा प्रहार है।

श्री साहू ने यहां जारी बयान में कहा कि 'वन्दे मातरम्' के उद्घोष ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों क्रांतिकारियों को मातृभूमि के लिए संघर्ष और बलिदान की प्रेरणा दी। ऐसे राष्ट्रगीत के प्रति कांग्रेस का रवैया उसकी संकुचित मानसिकता और वोट बैंक की राजनीति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि 'वन्दे मातरम्' केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, संस्कृति और करोड़ों भारतीयों की राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। कांग्रेस की ओर से इसके प्रति उपेक्षा दिखाना अमर बलिदानियों और राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता और तुष्टीकरण की राजनीति के चलते कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर राष्ट्रहित के विपरीत खड़ी नजर आती है। एक वर्ग विशेष को साधने के लिए देश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश की जनता राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।

श्री साहू ने कांग्रेस से यह स्पष्ट करने को कहा कि उसे 'मां भारती' की वंदना और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक 'वन्दे मातरम्' से परहेज क्यों है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगीत राजनीति से परे हैं तथा इनसे किसी भी तरह का समझौता देश के लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक मूल्यों के विरुद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित