उज्जैन , मई 27 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटना में कई खिड़कियों के कांच टूट गए। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

आरपीएफ सूत्रों ने आज यहां बताया कि गत सोमवार शाम करीब सात बजे उज्जैन रेलवे स्टेशन से लगभग 300 फीट दूरी पर हरी फाटक ब्रिज के नीचे गधा पुलिया क्षेत्र में वंदे भारत ट्रेन पर अचानक पथराव किया गया।

सूत्रों के अनुसार ट्रेन के गुजरने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया, जिससे कोच की चार से पांच खिड़कियों के कांच टूट गए। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

रेलवे सुरक्षा से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित