बैतूल , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के यात्रियों को छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद जगी है। इंदौर-नागपुर के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का फेरा सप्ताह में तीन दिन बिलासपुर तक बढ़ाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्रियों की मांग और सुझावों के आधार पर जोन स्तर से यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। हालांकि, अभी रेलवे बोर्ड की ओर से प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। प्रस्ताव में ट्रेन के समय में भी बदलाव किए जाने की बात कही गई है।
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन सुबह 6.10 बजे इंदौर से रवाना होकर दोपहर 2.35 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 4.13 बजे गोंदिया, 5.53 बजे दुर्ग, 6.37 बजे रायपुर और रात 8.25 बजे बिलासपुर पहुंचने का प्रस्ताव है।
वापसी में ट्रेन बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे रवाना होकर 8.01 बजे रायपुर, 8.43 बजे दुर्ग, 10.25 बजे गोंदिया और दोपहर 12.30 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद रात 9.05 बजे इंदौर पहुंचने का प्रस्ताव है।
वर्तमान में नागपुर-इंदौर वंदे भारत दोपहर 3.20 बजे नागपुर से रवाना होकर रात 11.50 बजे इंदौर पहुंचती है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर बैतूल सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर की यात्रा के लिए तेज और सुविधाजनक रेल सेवा का विकल्प मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित