नयी दिल्ली , मार्च 18 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोक सभा में बताया कि वंदे भारत ट्रेन की सुरक्षा के व्यापक उपाय किये गये हैं।
श्री वैष्णव ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि ट्रेनों की सुरक्षा के लिए लाइनों पर कवच भी लगाये गये हैं। रेल विभाग यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि रेलवे के विकास कार्यों के खातिर भूमि अधिग्रहण के लिए बहुत से राज्य सहयोग कर रहे हैं लेकिन कुछ राज्य इस कार्य में सहयोग नहीं कर रहे हैं। उनका आग्रह है कि रेलवे के कार्यों को राजनीति से न जोड़ा जाये और इसे निजी मसला न बनाये जायें। रेलवे के विकास के लिए वह सभी राज्यों से सहयोग की अपेक्षा रखते हैं।
श्री वैष्णव ने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि कोंकण रेलवे एक कंपनी है और वह निरंतर घाटे में चल रही है। कोंकण रेलवे को घाटे से उबारने के लिए सरकार प्रयत्नशील है और संबंधित राज्यों से इस विषय में पत्राचार कर रही है।
उन्होंने बताया कि झारखंड में रेलवे के अनेक विकास कार्य किये गये हैं, राज्य में कई लाइनों का दोहरीकरण किया जा चुका है। राज्य के लिए रेलवे बजट राशि 16 गुना बढ़ाकर 7306 करोड़ रुपये कर दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित