जयपर , अगस्त 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार वंचित वर्गां के प्रति संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
श्री शर्मा गुरुवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों को आवास-फ्लेट्स आवंटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवार, जो समाज की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं, उनके आवास, शिक्षा सहित बुनियादी जरूरतां पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जरूरतमदों एवं वंचितों को संबल प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे अंतिम पायदान के व्यक्ति तक राहत पहुंच रही है।
उन्होंने विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों और युवाओं को पढ़ाएं, योग्य बनायें और राष्ट्र निर्माण में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही, उन्होंने आमजन से जरूरतमदों एवं पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तत्परता से कार्य करने की अपील की ताकि उनके जीवन में ज्योति फैल सके।
मुख्यमंत्री ने चिह्नित लाभर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवंटन पत्र और चाबी सौंपते हुए कहा कि जयपुर में 473 परिवारों को आवास दिये गये हैं। जयसिंहपुरा खोर की आवासीय योजना में लाभार्थियों को एक बेडरूम-हॉल-किचन युक्त आवास मिला है, वहीं कोटा में 50 फ्लैट और जोधपुर में 80 भूखंड आवंटन के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पक्के घर का आवंटन पत्र लाभार्थी परिवारों के सम्मान, सुरक्षा, स्थायित्व और बेहतर भविष्य का अधिकार-पत्र है। राज्य सरकार हर जिले में आवश्यकता का आकलन कर पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की सूची में जोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्र में घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू, गाड़िया लोहार एवं कालबेलिया समुदाय के परिवारों को अब तक 838 भूखंड एवं 106 फ्लैट आवंटित किये हैं। मुख्यमंत्री घुमन्तू आवास योजना के तहत 303 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास के साथ-साथ भूमि के अधिकार की दिशा में भी तेजी से काम किया है। इन समुदायों के परिवारों को कुल 22 हजार 790 पट्टे वितरित किये गये हैं, वहीं ग्रामीण सेवा शिविरों में अतिरिक्त 15 हजार 412 पट्टे वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू एवं विमुक्त आवासहीन परिवारों एवं बीपीएल परिवारों को अब तक दो लाख 67 हजार से अधिक पट्टे जारी कर चुके हैं। इन समुदायों के सशक्तीकरण एवं उत्थान की दृष्टि से दादूदयाल घुमन्तू सशक्तीकरण योजना भी शुरू की गयी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू समुदायों की कुल 32 जातियां अधिसूचित हैं। इन जातियों को पहचान प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए विशेष शिविर आयोजित कर अब तक कुल 71 हजार से अधिक घुमन्तू पहचान प्रमाण-पत्र जारी किए जा चुके हैं।
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सर्वांगीण विकास की ओर तेजी से अग्रसर है। उनकी 'सबका साथ-सबका विकास' की मूल भावना के अनुरूप गरीब और जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से आवासहीन परिवारों के घर का सपना पूरा हो रहा है।
कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता, समाजसेवी महेन्द्र सिंह राजावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा विमुक्त, घुमन्तू और अर्द्धघुमन्तू परिवार मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित